झांसी। पुणे झांसी स्पेशल ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री का बैग बदमाश छीनकर भाग गया। बैग में जेवरात और नकदी रखी थी। महिला एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने घर आ रहीं थीं। जीआरपी ने महिला यात्री की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
जालौन के कोंच के पनियारा पोस्ट के सिमिरिया गांव निवासी उमेश पटेल पुणे में काम करते हैं। बृहस्पतिवार की रात उनकी पत्नी नंदिनी पटेल अपने तीन साल के बेटे शुभम और भाभी पूनम के साथ 04187 पुणे झांसी साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के एस 4 कोच में सवार होकर पुणे से झांसी आ रहीं थीं। कोच के दरवाजे से लगी बर्थ नंबर 72 पर नंदिनी अपने बेटे के साथ सो रहीं थीं। सुबह साढ़े पांच बजे ट्रेन जब भोपाल स्टेशन के निकट धीमी गति से चल रही थी। तभी कोच में मौजूद एक बदमाश ने उक्त महिला यात्री के हाथ में टंगे लेडीज बैग को छीना और चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। महिला यात्री के शोर मचाने पर अन्य यात्री जाग गए और माजरा समझने के बाद बदमाश को पकड़ने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बैग में सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, 15 हजार रुपये नकद, मोबाइल व अन्य सामान रखा था। महिला 28 नवंबर को होने वाली अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए आ रहीं थीं। ट्रेन के झांसी आने पर महिला ने मामले की जानकारी जीआरपी को दी।
सीट को लेकर यात्री को धुना
झांसी। मालवा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर तीन युवकों ने एक यात्री की धुनाई कर दी। यात्री की सूचना पर जीआरपी ने आरोपियों को पकड़ लिया। मालवा एक्सप्रेस के जनरल कोच में डबरा निवासी पवन लोनी सफर कर रहे थे। चलती ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर उनका तीन युवकों से विवाद हो गया। इस पर युवकों ने गाली गलौज कर उनके साथ मारपीट कर दी। इस बात की जानकारी यात्री ने जीआरपी के हेल्पलाइन नंबर पर दी। ट्रेन के झांसी आने पर जीआरपी मौके पर पहुंच गई। यहां तीनों आरोपी युवकों को उतार लिया गया। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।