झांसी। चित्रा चौराहा स्थित सबका मालिक एक बाबा धाम पर 31 मई को उर्स का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुंबई के कव्वाल सूफियाना कव्वालियां पेश करेंगे।
स्थानीय होटल में बुधवार को संयोजक आरएस यादव ने पत्रकारों को बताया कि उर्स के अंतर्गत 31 मई को सायं छह बजे से बाबा धाम से बबीना के लिए चादर संदल प्रस्थान करेगा। इसके पश्चात रात्रि 10 बजे से सूफियाना महफिले कव्वाली में मुंबई की कनीज बानो एंड पार्टी एवं रज्जाक अपनी कव्वालियां प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि उर्स को अजमेर शरीफ की तर्ज पर मनाया जाएगा।
इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से बाबा साहब के मुरीद अपने परिवार व देश के लिए दुआएं मांगेंगे। कार्यक्रम में बाबा साहब के सेवादार नाजिम उद्दीन के मेधावी पुत्र अजहर उद्दीन को भी बाबा धाम ट्रस्ट की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान पत्र दिया जाएगा। इस अवसर पर शेफाली दुबे, नाजिम मकरानी आदि मौजूद रहे।