थाना प्रेमनगर के खाती बाबा निवासी ऋषभ सिजौरिया पुत्र भइया सिजौरिया बीटेक छात्र है। परिजनों का कहना है रविवार शाम करीब चार बजे अपने ममेरे भाई अभिषेक पुत्र बृषभान एवं दोस्त शिखर पुत्र शिवकुमार के साथ घूमने निकला था। घूमते-घूमते तीनों पहूज बांध जा पहुंचे। शिखर ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना नहीं आता। इस वजह से वह नीचे नहीं गया। उससे ऋषभ और अभिषेक ने रील बनाने को कहा। दोनों बांध के अंदर कुछ दूर बने टापू की ओर जाने लगे। वह रील बनाता, इसके पहले ही दोनों अचानक से पानी में समा गए। यह देखते ही शिखर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास लोग जमा हो गए।
सूचना पर सीपरी बाजार थाना प्रभारी आनंद सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। शिखर की बताई जगह पर गोताखोर उतारे गए। कई घंटे मशक्कत के बाद भी गोताखोरों को कामयाबी नहीं मिली। ऋषभ और अभिषेक की मां समेत अन्य परिजन भी रोते-बिलखते वहां पहुंच गए। देर-रात तक पुलिस दोनों युवकों को तलाशती रही लेकिन उनका पता नहीं चल सका था। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों युवकों की तलाशी के लिए आगे के थानों से भी संपर्क किया गया है। दोनों को ही तलाशा जा रहा है।