अयोध्या, अमेठी, मेरठ व वाराणसी सेमीफाइनल में
झांसी। खेल विभाग और उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही प्रादेशिक सब जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच अयोध्या और अमेठी छात्रावास तथा मेरठ व वाराणसी के बीच आज होंगे। साथ ही फाइनल मैच बृहस्पतिवार को होगा। वहीं प्रतियोगिता में झांसी मंडल की टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
बुधवार को हुए क्वार्टर फाइनल मैचों में अयोध्या ने प्रयागराज को 25 - 13 से हराया। विजेता टीम के मलकीत सिंह ने 10, सुखदेव ने 5 ओर मनीष कुमार ने चार गोल किए। दूसरे मैच में अमेठी छात्रावास ने कानपुर को 26 - 17 से हराया। अमेठी के शुभम शर्मा ने 10, कामरान ने 11 गोल किए। तीसरे मैच में गोरखपुर ने मेरठ को 22 - 11 से हराया। मेरठ के रजनीश ने 5, कुणाल ने 6, मनीष ने 3 गोल किए। जबकि चौथे मैच में वाराणसी ने मिर्जापुर को 20 - 18 से हराया। विजेता टीम के अभिषेक सिंह ने सात, दीपक भारती ने चार गोल किए। उधर, प्रतियोगिता में झांसी मंडल की टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। बुधवार को भी प्रयागराज ने झांसी को 16 - 11 से हराया।
निर्णायकों में नफीस अहमद, बैजनाथ यादव, विमलेश ध्रुव, बृजेश, सुधीर कुमार सिंह, सूरज, गोविंद, अमित, सुगम यादव, अप्पू आदि रहे। इस मौके पर प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, दिनेश कुमार रजक व देवी प्रसाद दीक्षित आदि मौजूद रहे।