झांसी। आवास विकास परिषद द्वारा महानगर में बनाई जा रही नई कॉलोनी के प्रारूप को विभागीय मंजूरी मिल गई है। फरवरी के पहले पखवाड़े में प्लाट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
आवास विकास परिषद झांसी में आवासीय परियोजना विकसित करने जा रहा है। यह परियोजना झांसी-कानपुर बाईपास पर सखी के हनुमान मंदिर के पास विकसित की जा रही है। 44 एकड़ क्षेत्र में अलग-अलग आकार के 550 आवास विकसित किए जाएंगे। यह चार श्रेणी 40, 60, 75 व 162 वर्गफुट के होंगे। जबकि, कॉमर्शियल व प्रीमियम हाउसिंग के प्लाट 312 वर्गफुट के होंगे। स्थानीय स्तर से भेजे गए प्रारूप को विभागीय मुख्यालय की मंजूरी मिल गई है। फरवरी में प्लाट आवंटन के लिए आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। जबकि, कॉमर्शियल व प्रीमियम हाउसिंग के प्लाट नीलामी के जरिए आवंटित किए जाएंगे।
तैयार होने में लगेंगे तीन साल
झांसी। आवास विकास परिषद द्वारा बनाई जा रही नई कॉलोनी को पूरी तरह से विकसित होने में तीन साल का समय लगेगा। कॉलोनी में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट आदि सुविधाओं का काम 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। जमीन की दर लगभग 19,500 रुपये प्रति वर्गमीटर होगी। यानी कि लोगों को प्रति वर्गफुट की कीमत अठारह सौ रुपये से अधिक चुकानी होगी। कॉलोनी में 11 पार्क तथा एक स्कूल भी होगा। कॉलोनी की मुख्य सड़क 34 मीटर चौड़ी होगी। कॉलोनी में अधिकांश सड़कें 9 तथा 12 मीटर चौड़ी होंगी।
विभागीय मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें प्रारूप को मंजूरी दे दी गई है। संभावना है कि प्लाटों के आवंटन के लिए फरवरी में आवेदन लिए जाने लगेंगे। आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे।
- अखलाक अहमद, अधिशासी अभियंता - आवास विकास परिषद