ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े व्यापारियों एवं कर सलाहकारों के साथ शुक्रवार जीएसटी अफसरों ने सेक्टरवार व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-वन डी के सचान की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम में ऑटोमोबाइल व्यवसाय से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा हुई। साथ ही जीएसटी अफसरों ने संबंधित व्यवहारिक कठिनाइयों का समाधान किया किया गया।
बैठक में एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-वन ने कहा कि व्यापारियों के सुझाव विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यवसायिक क्षेत्र के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं व्यवहारिक समाधान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से समय पर टैक्स दाखिल करने की बात कहते हुए ई-इनवॉइस, ई-वे बिल एवं अन्य जीएसटी प्रावधानों का पूर्णतः पालन करने पर जोर दिया। कहा कि विभागीय समस्या या फिर किसी प्रकार की कठिनाई होने पर विभागीय अफसरों से संपर्क करें।शासन की मंशा है कि विभाग और व्यापारी आपसी संवाद एवं सहभागिता के माध्यम से एक पारदर्शी एवं उत्तरदायी कर व्यवस्था का निर्माण करें। संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों द्वारा जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट, ई-वे बिल, कर निर्धारण तथा ऑटोमोबाइल व्यापार से संबंधित विभिन्न व्यवहारिक समस्याओं एवं सुझावों को विभाग के समक्ष रखा। जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभाग की ओर से उपायुक्त कृष्ण वीर यादव, उपायुक्त शैलेंद्र कुमार, उपायुक्त विजय कुमार शर्मा समेत संदीप आनंदानी, राहुल सूरी, विकास राय, हर्ष चौधरी, संगम अग्रवाल, रचित अग्रवाल समेत अन्य ऑटोमोबाइल सेक्टर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं कर सलाहकार उपस्थित रहे।