बड़ा बाजार में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी होने के कारण यातायात व्यवस्था सामान्य रही। सोमवार को कोतवाली में ट्रांसपोर्टर्स, व्यापारी, आटो यूनियन और प्रशासन के मध्य बनी सहमति बनी थी, लेकिन बंदी होने के कारण इन पर अमल नहीं हो पाया।
सीओ सिटी संजय कुमार के निर्देश पर बड़ा बाजार में ऑटो का बाजार में प्रवेश बंद होने के साथ लक्ष्मी गेट को वन वे कर दिया गया है। वन वे के लिए ऑटो सागर गेट से होकर घास मंडी तक आएंगे और यहां से सवारियों को बैठाकर लक्ष्मी गेट की ओर चले जाएंगे। दो दिन तक ट्रायल चलने के बाद इसकी समीक्षा सोमवार को कोतवाली में हुई। जिसमें ऑटो चालकों की समस्याओं को सुनकर कोतवाली प्रभारी आशीष मिश्रा ने गोपाल जी धर्मशाला के सामने बने ऑटो स्टैंड तक आने की अनुमति दी। मंगलवार को चौकी इंचार्ज के पास निर्देश न आने के कारण ऑटो चालकों को ट्रायल के लिए अनुमति नहीं मिली। इस दौरान ऑटो चालक घास मंडी से ही वापस लक्ष्मी गेट की ओर चले गए। बुधवार को इन सहमतियों का ट्रायल होगा।
सोमवार को इन पर बनी थी सहमति
- ऑटो चालक घास मंडी में सवारियां उतारकर बाजार में गोपाल जी धर्मशाला तक आएंगे। यहां से सवारियां भरकर बिना बीच में रुके चले जाएंगे।
- दुकानदार अपना सामान नालियों तक ही रखेंगे। आगे बढ़ने पर कार्रवाई होगी।
- डिवाइडर में लगने वाले हाथ ठेला वालों को रात में ठेले घर ले जाने होंगे।
- सागर गेट से लक्ष्मी गेट का रूट वन वे होगा।
- गोपालजी धर्मशाला तक आने वाले ऑटो का रजिस्ट्रेशन होगा।