झांसी। आरपीएफ थाना जूही कानपुर की टीम ने मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में फरार चल रहे सेवानिवृत्त कर्मचारी के बंगलाघाट स्थित घर पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बंगलाघाट निवासी दीपक भटनागर रेलवे के लेखा विभाग में कार्यरत थे। वह आगरा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। साल 2005 में उनके खिलाफ आरपीएफ थाना जूही कानपुर में रेल संपत्ति चोरी का मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने रेल संपत्ति से जुड़ी ऑडिट रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें कमियां पायी गई थीं। साथ में उनका भतीजा प्रशांत भटनागर भी आरोपी बनाया गया था। प्रशांत कोर्ट में पेश हो गया था, जबकि दीपक लगातार फरार चल रहे थे। कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखे हैं। इसके बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हुए। मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर उक्त सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर पर कुर्की की कार्रवाई की गई। टीम ने कर्मचारी के घर में रखा सामान जब्त कर लिया। आरपीएफ थाना जूही कानपुर की प्रभारी निरीक्षक शिप्रा व झांसी स्टेशन प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार कौशिक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।