ध्यानचंद स्टेडियम में बने एस्ट्रोटर्फ मंगलवार को जांच में पास हो गया। लेकिन, वीआईपी दर्शक दीर्घा का पेच फंस गया है। निरीक्षण करने गए सीडीओ नवनीत सिंह चहल को दर्शक दीर्घा का ट्रेस बैलेंस गड़बड़ लगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अफसरों को इसकी जांच कानपुर आईआईटी के विशेषज्ञों से कराने के निर्देश दिए हैं। इस प्रक्रिया के कारण एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम के हस्तांतरण में एक सप्ताह और लग सकता है।
मंगलवार शाम साढ़े चार बजे स्टेडियम पहुंचे सीडीओ नवनीत सिंह चहल ने वहां बने पक्के पोर्च को देखा। उन्होंने एस्ट्रोटर्फ की क्वालिटी देखी और वहां पानी डालने और रोशनी की व्यवस्था के लिए 125 केवीए के जनरेटर को भी देखा। गौरतलब हो कि फेडरेशन इंटरनेशनल हॉकी की अंतर्राष्ट्रीय संस्था की टीम पहले ही एस्ट्रोटर्फ की क्वालिटी जांच कर इसे ओके कर चुकी है।
जांच के दौरान सीडीओ को वीआईपी दर्शक दीर्घा की ट्रेस (चारों ओर की छत) का बैलेंस एक सा नहीं लगा। उन्होंने इसकी जांच कानपुर आईआईटी के विशेषज्ञों से कराएं और सभी जांच रिपोर्ट एक साथ जमा करें, उसी के बाद हस्तांतरण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पूर्व हॉकी खिलाड़ी अब्दुल अजीज ने एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में पीने के पानी की व्यवस्था कराने की मांग की। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव, उप क्रीड़ा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।