झांसी के सीपरी बाजार थाना इलाके के मसीहागंज में एक युवक ने घर में घुसकर आशा कार्यकर्ता को तलवार से काट डाला। युवक ने दिन दहाड़े बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के झांसी में आशा कार्यकर्ता को दिन दहाड़े तलवार से काटने का मामला सामने आया है। घर में घुसकर महिला को बेरहमी से मारा गया। मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, झांसी के सीपरी बाजार थाना इलाके के मसीहागंज में एक युवक ने घर में घुसकर आशा कार्यकर्ता पर तलवार से ताबड़तोड़ वार किए, इससे उसकी मौत हो गई। युवक ने दिन दहाड़े बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया।
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के टेहरका गांव निवासी ज्योति देवी (34) की शादी 12 साल पहले मसीहागंज नाथ की कोठी के पास निवासी लखनलाल अहिरवार से हुई थी। उनका नौ वर्ष का बेटा और छह साल की बेटी है।
विज्ञापन
लखनलाल बड़ागांव गेट बाहर स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता है। जबकि, उसकी पत्नी ज्योति आशा कार्यकर्ता है। शनिवार की सुबह लखन रोजाना की तरह अपने काम पर चला गया था। ज्योति की सास का आंख का ऑपरेशन हुआ है, जिससे वह अस्पताल में थी। शनिवार को घर पर ज्योति और उसके बच्चे थे।
Trending Videos
मुंह पर गमछा और हाथ में तलवार
दोपहर तकरीबन साढ़े बारह बजे ज्योति छत पर गेहूं धो रही थी। बच्चे नीचे कमरे में थे। आरोप है कि इसी दौरान युवक अंकित पुरोहित मुंह पर गमछा बांध और हाथ में तलवार लेकर आया और घर के दरवाजे पर लात मारते हुए छत पर पहुंच गया।
वहां पहुंचकर उसने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए ज्योति को बुरी नीयत से पटक दिया। विरोध करने पर उसने तलवार से ज्योति के हाथ-पैरों पर वार किए। इसके बाद उसके पेट और छाती पर भी वार किए।
युवक के साथ थे दो-तीन और युवक
महिला की चीखें सुनकर उसकी भतीजी कशिश वहां पहुंची, इस पर आरोपी उसे धक्का देते हुए मौके से भाग गया। युवक के साथ दो-तीन और युवक भी थे। जो घटना के समय घर के बाहर खड़े हुए थे।
आनन-फानन महिला को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कातिल
सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर आरोपी युवक अंकित पुरोहित समेत दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की पड़ताल जारी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक मुंह पर गमछा बांधकर हाथ में तलवार थामकर जाता नजर आ रहा है।
वहीं, पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि ज्योति आशा कार्यकर्ता थी। काम के सिलसिले में बरुआसागर जाती थी। वहां उसकी मुलाकात आरोपी युवक अंकित पुरोहित से हुई थी। दोनों के बीच जान-पहचान थी।
आरोपियों की तलाश में चार टीमें लगाईं
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। टीमें सुरागकशी कर दबिशें देने में जुटी हुई हैं। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटनास्थल से मिला युवक का आधार कार्ड
मृतका के पति लखन ने बताया कि घटनास्थल से बरुआसागर निवासी युवक का आधार कार्ड बरामद हुआ है। वह युवक दो-तीन महीने पहले भी ज्योति के घर पहुंचा था। उसके साथ दो युवक और भी थे। परिजन से उसका विवाद भी हुआ था। आधार कार्ड आरोपी युवक अंकित पुरोहित का बताया जा रहा है।
बसपाइयों ने की गिरफ्तार की मांग
घटना की सूचना पाकर बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता लालाराम अहिरवार, रविकांत मौर्य, राजू समेत अन्य बसपा कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।