झांसी। अरविंद हत्याकांड में पुलिस ने नामजद आरोपी संजय व उसके साथ दो लोगों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्डर के मुख्य आरोपी संजय समेत छह पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पकड़े गये अन्य आरोपी थाना रक्सा अंतर्गत अमरपुर निवासी भानसिंह व थाना शाहजहांपुर अंतर्गत दैजवा निवासी कमल सिंह बताये गये हैं।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 8 तारीख को भाेजला में अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि एक नामजद आरोपी व उसके दो साथी लकारा पुलिया के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की जिससे एक के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपियों को पकड़कर अस्पताल भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी हो चुकी गिरफ्तारी
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव के रहने वाले अरविंद यादव की आठ सितंबर को पत्नी के सामने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अरविंद की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान रिंकू यादव समेत अनिल, मिथुन, अजीत, कुल्लू, राहुल, कैलाश, अमित, संजय एवं सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मिथुन, अजीत व सुरेश को गिरफ्तार कर लिया था, वहीं साजिश रचने के आरोप में रिंकू के बेटे राजा समेत मिथुन की पत्नी रजनी, कुल्लू की पत्नी रेखा, राम मिलन के बेटे इंद्रजीत को भी गिरफ्तार किया था। मुख्य हत्यारोपी की तलाश में पुलिस झांसी से सटे एमपी क्षेत्र में छानबीन कर रही थी, तभी मुठभेड़ के दौरान चौथे हत्यारोपी अशोक यादव उर्फ कल्लू व उसके रिश्तेदार मध्य प्रदेश के पिछोर निवासी भमर सिंह यादव को भी गिरफ्तार कर लिया था।
इनकी है तलाश
मुख्य हत्यारोपी रिंकू यादव सहित अनिल, राहुल, कैलाश, कुल्लू उर्फ अमित की पुलिस को तलाश है। फरार सभी आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम
हत्यारोपियों को सीपरी बाजार पुलिस व स्वाट टीम ने गिरफ्तार किया है।