अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाफिज सिद्दीक नेशनल इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापकों और बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की कार्यशाला हुई। डीआईओएस रती वर्मा ने कहा कि जनपद में 67 परीक्षा केंद्रों पर सादी उत्तर पुस्तिकाएं भेज दी गई हैं। उनके रखरखाव के लिए डबल लॉक युक्त अलमारी अथवा बॉक्स की व्यवस्था करें।
डीआईओएस ने प्रयुक्त/ अप्रयुक्त कॉपियाें की पंजिका बनाने के निर्देश दिए। 24 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्ट्रॉन्ग रूम में दोनों तरफ से लाइट विजनयुक्त, वॉयस रिकॉर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्ट्रॉन्ग रूम के मुख्य गेट पर कैमरे लगाने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर आवश्यकतानुसार कक्ष निरीक्षकों की मांग, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, परीक्षा केंद्र की साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति आदि के निर्देश दिए गए।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह ने प्रश्नपत्रों और उत्तर-पुस्तिकाओं के रखरखाव की जानकारी दी। डीआईओएस ने कहा कि परिषद द्वारा सौंपे गए दायित्व के निर्वहन में जानबूझकर अनुपस्थित होना अथवा लापरवाही करने पर कार्रवाई होगी। संचालन मिलन गुप्ता ने किया। कार्यशाला में राजीव श्रीवास्तव, दिनकर सक्सेना, उस्मान खां, इंद्रा गुप्ता, ऊषा प्रियम्बदा, राजीव शुक्ला, आलोक दुबे, धनप्रकाश तिवारी मौजूद रहे।