झांसी। रक्सा-गुमानपुरा रोड पर स्कूली छात्रों को लेकर लौट रहा ऑटो सामने से आ रहे दूसरे ऑटो से टकरा गया। हादसे में दोनों ऑटो पलट गए, जिससे बच्चे ऑटो में फंस गए। इनमें दो छात्रों को चोट आ गई।
बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए और किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। ऑटो में 10 बच्चे सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा राजापुर रोड स्थित मॉर्निंग स्टार स्कूल के पास हुआ। स्कूल से छात्रों को लेकर ऑटो बाजना की ओर जा रहा था।
आदिवासी कॉलोनी से आगे निकलने के बाद मोड़ पर सामने से आ रहे दूसरे ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में बाजना निवासी जिशान पुत्र नरेश और अवधपुर निवासी शिवांश घायल हो गए। उनके पांव में चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूली वाहन की रफ्तार अधिक होने की वजह से हादसा हुआ। रक्सा थानाध्यक्ष उदय सिंह का कहना है कि वाहन की फिटेनस की भी जांच की जा रही है।