अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार तड़के कानपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजन ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि गर्भवती महिला का आपरेशन हड्डी के डॉक्टर ने कर दिया। इससे उसकी मौत हुई। डॉक्टर ने उपचार की फाइल भी गायब कर दी। नाराज परिजन सड़क पर शव रखकर जाम लगाने की कोशिश करने लगे।
सूचना पर कई थानों से पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस अफसरों ने समझाकर परिजन को शांत कराया। पोस्टमार्टम कराने के बाद देर-शाम पुलिस बल की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस ने नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है।
थाना सीपरी बाजार के उन्नाव बालाजी रोड स्थित अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी मुकेश राजपूत गर्भवती पत्नी सोनम राजपूत (27) को प्रसव पीड़ा होने पर शिवाजी नगर स्थित एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। परिजन ने बताया कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने की बात कही। शुक्रवार देर रात सोनम का ऑपरेशन हुआ लेकिन महिला डॉक्टर के बजाय हड्डी के डॉक्टर ने ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद सोनम की हालत बिगड़ने लगी। तड़के उसकी मौत हो गई।
परिजन डॉक्टर पर गलत तरीके से ऑपरेशन का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। परिजन शव सड़क पर रखकर जाम करने पर अड़ गए। हंगामा बढ़ने पर नवाबाद, सदर बाजार, कोतवाली एवं सीपरी बाजार से भी पुलिस फोर्स बुला ली गई। एसपी सिटी और सीओ सिटी रामवीर सिंह भी मौके पर आ गए। पुलिस अफसरों के समझाने पर करीब चार घंटे बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने पर राजी हुए।
नर्सिंग होम की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। पूरे मामले की जांच के लिए सीएमओ की ओर से एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी। - ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सिटी