अमर उजाला की ओर से सितंबर में आयोजित ‘फूड फेस्ट-2018’ के मंगलवार को मेगा ड्रॉ निकाले गए, जिनके पहले, दूसरे और तीसरे भाग्यशाली विजेताओं को एलईडी टीवी, होम थिएटर और इंडक्शन कुकर भेंट किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि फूड फेस्ट-2018 का आयोजन 11 से 17 सितंबर तक किया गया था। इसमें शहर के चुनिंदा प्रतिष्ठान होटल शीलाश्री, होटल नटराज सरोवर पोर्टिको, होटल यात्रिक, होटल प्रकाश रीजेंसी, ब्लैक मड रेस्टोरेंट, जनक्स कोल्डड्रिंक हाउस, तंदूरी खजाना, सीसी2 फैमिली रेस्टोरेंट, जनक्स फूड आर्ट सीपरी बाजार और ब्लैक बींस कैफे शामिल थे। फेस्ट के दौरान उक्त प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों को लकी कूपन दिए गए थे। प्रत्येक प्रतिष्ठान से तीन-तीन ग्राहकों को मेगा ड्रॉ के लिए चुना गया था। मंगलवार को अमर उजाला के ग्वालियर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यालय में मेगा ड्रॉ निकाले गए, जिसमें पहले पुरस्कार की हकदार बनीं जनक्स फूड आर्ट की ग्राहक अनामिका (कूपन संख्या 601), जिन्हें एलईडी टीवी भेंट की जाएगी। जबकि, दूसरा पुरस्कार होटल शीलाश्री के ग्राहक तरुण शुक्ला (कूपन संख्या 407) के नाम रहा, जिन्हें होम थिएटर दिया जाएगा। तीसरा पुरस्कार तंदूरी खजाना के ग्राहक सुनील कुमार (कूपन संख्या 143) के नाम रहा, जिन्हें इंडक्शन कुकर दिया जाएगा। मेगा ड्रॉ के कूपन मुख्य अतिथि नटराज सरोवर पोर्टिको के पवित्र खन्ना, होटल शीलाश्री के राहुल और जनक्स फूड आर्ट के धीरज राजपूत ने निकाले। उल्लेखनीय है कि फूड फेस्ट के भाग्यशाली विजेता अपने पुरस्कार अमर उजाला कार्यालय से कार्य दिवस में सुबह 11 से शाम पांच बजे के बीच प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कूपन और अपने परिचय पत्र की फोटो कॉपी साथ लानी होगी।