जेडीसीए-सी से के 11 चौके से छूटे जेडीसीए-बी के छक्के
- जेडीसीए-सी ने जेडीसीए-बी को दी करारी शिकस्त
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। डीएसए रेलवे ग्राउंड में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 आयु वर्ग की जेडीसीए आनंद मोहन मिश्रा ट्रॉफी का मैच जेडीसीए-बी व जेडीसीए-सी के बीच खेला गया। इसमें जेडीसीए-सी ने जीत दर्ज की।
टाॅस जीतकर जेडीसीए-बी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। सागर के सर्वाधिक 68 रन की बदौलत टीम ने 34.5 ओवर में 185 रन का स्कोर हासिल किया। जेडीसीए-सी की तरफ से अक्षांश शर्मा ने 31 रन देकर तीन, अथर्व कुलश्रेष्ठ व मोहनीश ने दो-दो, रूपेश व वेदांत कौशिक ने एक-एक विकेट लिया।
जीत के लिए 186 रन का लक्ष्य प्राप्त करने उतरी जेडीसीए-सी की टीम ने 34.3 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। अमित रायकवार ने 11 चौके लगाकर 63 रन वहीं वंश दीक्षित ने 9 चौके लगाकर 60 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जेडीसीए-बी की तरफ से अभि शर्मा ने 24 रन देकर तीन विकेट लिए। इस मौके पर यदु सिंह, बृजेंद्र सिंह अंपायर व पीयूष नामदेव स्कोरर की भूमिका में रहे। जेडीसीए सचिव अजय मिश्रा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।