झांसी। दो दिन की हड़ताल के बाद बुधवार को एंबुलेंस कर्मचारी द्वारा सिर्फ इमरजेंसी मरीजों को लाने और ले जाने पर राजी हो गए। जिसके चलते लगभग बीस एंबुलेंस की सेवाओं को बहाल कर दिया गया है। वहीं एंबुलेंस संघ द्वारा लखनऊ स्थित इको गार्डन में प्रदर्शन व महारैली को आयोजित किया गया है। जिसके चलते कर्मचारी लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। जबकि विभाग के अफसरों द्वारा हड़ताल खत्म होने का दावा किया जा रहा है।
एंबुलेंस को संचालित करने की जिम्मेदारी नई कंपनी को दी गई है। कंपनी द्वारा पुराने कर्मचारियों को हटाकर नए कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिसके नाराज एंबुलेंस कर्मचारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन कर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया गया था। जिसके चलते महानगर की एंबुलेंस सेवाएं भी ठप हो गईं थीं। जिसका खमियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा था। एंबुलेंस सेवा के अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार वार्ता का प्रयास किया गया था लेकिन कर्मचारी एंबुलेंस चलाने को राजी नहीं हुए थे। बुधवार को एक बार फिर वार्ता की गई जिसमें कर्मचारी सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं देने को राजी हो गए हैं। जिसके चलते बीस एंबुलेंस की सेवाओं को बहाल किया गया।
सुबह की गई वार्ता के दौरान सभी कर्मचारी एंबुलेंस सेवाएं देने को राजी हो गए थे। लेकिन लखनऊ के संगठन के पदाधिकारियों के दबाव के बाद सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं के लिए बीस एंबुलेंस ही संचालित की जा रहीं हैं। ऊपरी स्तर पर वार्ता जारी है। समस्या का समाधान जल्द ही निकलेगा।
दिनेश सिंह, मंडल प्रबंधक, एंबुलेंस