झांसी। सरकारी मशीनरी की ढिलाई से शहर में चिह्नित पार्किंग स्थल अभी तक चालू नहीं हो सके हैं। इसके चलते एसएसपी ने यातायात प्रभारी को अपने स्तर से पार्किंग चालू करने के आदेश कर दिए हैं। वहीं, उन्होंने नगर आयुक्त को भी इस संबंध में पत्र लिखा है।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस व नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रूप से विगत माह शहर का निरीक्षण किया था। जिसके तहत 14 स्थानों को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया। ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो सके। पार्किंग बनने से वाहनों की चोरी पर अंकुश लग सके।
नगर निगम के अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर चुने गए स्थानों पर लाइन खिंचवाने और बोर्ड लगवाने का आश्वासन दिया। यही नहीं, स्टैंडों का ठेका भी उठाने की बात कही, ताकि वाहनों की समुचित देखभाल हो सके। हैरानी की बात है कि एक माह गुजरने के बाद अभी तक न तो पार्किंग शुरू हुई और न स्टैंड। विगत दिवस जब एसएसपी ने इसके बारे में जानकारी की, तो पता चला कि परिणाम शून्य हैं।
इस पर उन्होंने यातायात प्रभारी सुभाष यादव को चिह्नित स्थानों पर अपने स्तर से पार्किंग व स्टैंडों को चालू करवाने के आदेश दिए हैं। यही नहीं, नगर आयुक्त को भी पत्र लिखा है कि वह जल्द से जल्द पार्किंग व स्टैंडों को चालू करवाएं।
इन स्थानों पर बनने हैं पार्किं ग स्थल
रणनीति के तहत एसपी सिटी व नगर निगम के अधिकारियों ने 14 स्थानों पर पार्किंग व स्टैंड बनाना तय किया। इनमें जेल चौराहा, इलाइट चौराहा पर ग्वालियर रोड के दोनों तरफ, जीवन शाह गोल तिराहा के पास, रानी लक्ष्मीबाई पार्क के गेट नंबर एक, दो व तीन, मिनर्वा टाकीज की पट्टी, रानी महल, बस स्टैंड, नवीन मंडी, मऊरानीपुर तिराहा, मेडिकल कालेज के सामने, जीवनशाह-बीकेडी रोड, कुंज बिहारी मंदिर के सामने, सीएमओ कार्यालय - बीकेडी कालेज के बीच और खंडेराव गेट पर एलवीएम की पट्टी शामिल है।