जिला अस्पताल में बनाया गया संक्रमक रोग नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करते सीएमएस बीके गुप्ता। अमर उ?
झांसी। बारिश के शुरू होते ही जिले भर में संक्रमण रोगों के फैलने की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। सीएमओ ने सभी सरकारी अस्पतालों के लिए निर्देश जारी किए हैं। जिला अस्पताल में एक वार्ड भी रिजर्व कर दिया गया है।
बारिश का मौसम शुरू होते ही जिले भर में बीमारियों का दौर शुरू हो जाता है। इनमें मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के अलावा, चिकनगुनिया, मलेरिया का भी प्रकोप रहता है। बीमारियां फैलने से अस्पतालों में रोगियों की संख्या बढ़ जाती है। संक्रामक रोगियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। बारिश के मौसम से पहले ही सीएमओ डॉ. सुशील प्रकाश ने सभी सरकारी अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना दो हजार से अधिक मरीज इलाज करने के लिए आ रहे हैं जिनमें अभी संक्रामक रोगी कम ही आ रहे हैं। जिला अस्पताल में संक्रमण को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इसके लिए अस्पताल में एक वार्ड को रिजर्व कर दिया है जिसमें 11 पलंग होने के साथ ही वार्ड में सभी सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। जिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. बलबीर कृष्ण गुप्ता ने बताया कि बारिश के शुरू होते ही संक्रमण के मरीजों की संख्या अधिक हो जाती है। इसके लिए अस्पताल में पर्याप्त इंतजाम कर लिए गए हैं। अस्पताल में दवाईयों का पर्याप्त इंतजाम हैं। किसी तरह के रोगियों के इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधन पूरी तरह से तैयार है।