संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मड़वा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने का आरोप है। विरोध करने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने छात्र के पिता को गाली व जान से मारने की धमकी दी। घटना के वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिससे शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो-वीडियों की पुष्टि नहीं करता है।
पीड़ित अभिभावक ने बताया कि उनकी पुत्री कक्षा दो में पढ़ती है। विद्यालय सुबह 8 बजे खुलना चाहिए, पर कुछ दिन पहले 9 बजे तक ताला लगा रहा। देर से ताला खुलने का कारण पूछा तो शिक्षक ने गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। बुधवार को बच्चों से झाड़ू लगवाने का वीडियो बनाने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई है। उन्होंने बेटी का नाम स्कूल से काटने की धमकी भी दी। एक शिक्षिका पर छात्र-छात्राओं से सिर दबवाने का भी आरोप है।
पीड़ित पिता ने लहचूरा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौंड ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर गहन जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद दोषी शिक्षक पर अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई होगी।