- दांत के दर्द का उपचार कराने पहुंची थी युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मंगलवार को कस्बा पूंछ के एक निजी अस्पताल में दांत के दर्द का इलाज कराने गई युवती की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया है। युवती के पिता ने निजी चिकित्सक पर लापरवाही से उपचार करने का आरोप लगाया है।
पूंछ क्षेत्र के ग्राम धौरका निवासी कमलाचरण की 23 वर्षीय बेटी रागिनी के दांतों में अचानक तेज दर्द होने लगा। उसका उपचार कराने के लिए वह कस्बा के एक निजी अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि वहां चिकित्सक ने बेटी उपचार किया, लेकिन उसके बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई। युवती की स्थिति गंभीर होती देख पिता उसे निजी वाहन से मोंठ सीएचसी के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया।
कमला चरण ने बताया, बेटी का उपचार कराने के लिए निजी अस्पताल में गया था। जहां चिकित्सक ने उसकी बेटी को कुछ दवा दी और इंजेक्शन लगाया, इसके बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। पिता का आरोप है कि चिकित्सक ने लापरवाही से इलाज किया और गलत इंजेक्शन से बेटी की हालत बिगड़ गई।