झांसी। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में शुक्रवार को पार्टी सुप्रीमो मायावती का 60वां जन्मदिवस ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर साठ किलो का केक काटा गया। कुष्ठ आश्रम में कंबल वितरण व जिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे गए।
मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बुंदेलखंड प्रभारी पूर्व एमएलसी नौशाद अली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पूर्व तमाम वादे किए थे, परंतु वह उस पर खरे नहीं उतरे हैं। कुदरत के कहर से बुंदेलखंड में तबाही मची हुई है। लेकिन, केंद्र सरकार द्वारा किसानों को कोई मुआवजा नहीं दिया गया। वहीं, प्रदेश सरकार का एकसूत्रीय कार्यक्रम गुंडागर्दी व दंगा है।
प्रदेश में सपा सरकार में दंगों की भरमार रही है। जबकि, मायावती के शासन में दंगों पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रहा था। बसपा मुखिया सर्व समाज का सर्वांगीण विकास चाहती हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज से आह्वान किया कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य की बेहतरी के लिए उन्हें बसपा के साथ आना होगा।
मंडल कोआर्डिनेटर अवधेश विश्वकर्मा ने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग को सपा ने छला है। पिछड़े वर्ग का सम्मान बसपा में ही सुरक्षित है। उन्होंने आह्वान किया कि भय, भूख व भ्रष्टाचार की सरकार को उखाड़ फेंकने का वक्त आ गया है। मंडल कोआर्डिनेटर संतोष राज वर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता आशा भरी नजरों से बसपा की ओर देख रही है।
विधानसभा चुनाव में बसपा को तीन सौ सीटें प्राप्त होंगे। विशिष्ट अतिथि जोनल कोआर्डिनेटर चंद्रदत्त गौतम ने कहा कि सपा ने झूठे वादे कर प्रदेश में सरकार बनाई। मोदी ने उससे भी बड़े झूठ के सहारे केंद्र में सरकार बनाई। लोकसभा संयोजिका अनुराधा शर्मा ने कहा कि सपा सरकार किसान विरोधी है। यही वजह है कि आज प्रदेश की जनता बसपा की ओर देख रही है।
मंडल कोऑर्डिनेटर विजय कुशवाहा ने कहा कि बसपा सुप्रीमो ने जो कार्य कुशवाहा समाज के लिए किए, वह कार्य कुशवाहा समाज का मुख्यमंत्री भी नहीं कर पाता। बबीना विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की चारों सीटें बसपा की झोली में डालकर मायावती को जन्मदिन का तोहफा दें। पूर्व विधायक कैलाश साहू ने कहा कि आम जनमानस बसपा के साथ है। 2017 में पांचवीं बार मायावती मुख्यमंत्री बनेंगी।
झांसी विधानसभा प्रत्याशी हाजी असफाक खान ने कहा कि समाज के शोषण को मौन रहकर देखना भी अन्याय है। बदलाव के लिए हम सभी को आगे आना होगा। इस दौरान मंडल कोऑर्डिनेटर मुकेश अहिरवार, रामबाबू चिरगइयां, संतोष राज वर्मा, अवधेश विश्वकर्मा, नसरुल हक, राजेश पाल, गोविंद रायकवार, संजय बाजपेयी, पार्षद सुशीला दुबे, मदनलाल अहिरवार, प्रेम बाल्मीकि आदि ने भी विचार प्रकट किए। कोरी समाज के भूपेंद्र आर्या के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
इस मौके पर गणेशी लाल श्रृंगीऋषि, बी के गौतम, विनोद गौतम, रमेश चंद्र सरसैया, संतराम अहिरवार, प्रेमनारायण दोहरे, जयपाल अहिरवार, रामकुमार श्रीवास, इं. सलीम खान, अजय चौधरी, जितेंद्र सिंह कुशवाहा, कल्लू कुशवाहा, प्रीतम लचया, संजय वर्मा, जितेंद्र सोनी, राजबहादुर सिंह, मुन्ना पाली, वीर सिंह गुर्जर, सुनील मड़ोरी, किशोरी देवी पटेल,
दीपक राजपूत, राजेंद्र दुरखुरु, प्राण सिंह, कय्यूम अंसारी, आफाक मकरानी, अभिनव गौड़, महेश गौतम, सिद्धार्थ अहिरवार, रविकांत मौर्या, आनंद साहू, ओमप्रकाश अहिरवार, गीता विद्रोही, गोकुल दुबे, भूपेंद्र परमार, बबीना विधायक प्रतिनिधि हेमंत साहू (पोपो), जितेंद्र करौसिया आदि मौजूद रहे। बाद में सभी के प्रति आभार अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष आर के अहिरवार ने जताया।