मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा क्या तय हुआ, मानो शहर के दिन फिर गए। जो जिस सड़क के निर्माण के लिए आंतियाताल क्षेत्र के निवासी जेडीए को ज्ञापन देकर परेशान हो गए, वह सड़क एक दिन में तैयार हो गई। मेडिकल कालेज के सामने की दोनों पटरियां अवैध कब्जों से मुक्त हो गई। अवैध होर्डिंग हटाने के लिए भी दिन भी अभियान चलता रहा। सवाल है कि ऐसा हमेशा क्यों नहीं होता?
बीकेडी से आंतियाताल होते हुए खडेराव गेट तक की सड़क शारदा हिल्स कालोनी के पास उखड़ी पड़ी थी। यहां पर इतने गड्ढे थे कि यदि बाइक सवार जरा सी भी असावधानी बरतता तो दुर्घटना का शिकार हो जाता था। बुधवार को आनन-फानन में सड़क का निर्माण करा दिया गया। इसी तरह कई और सड़कें बना दी गईं। सर्किट हाउस में सोफे के कवर बदल दिए गए। पुलिस लाइन से लेकर ग्वालियर रोड क्रासिंग तक और इलाइट चौराहा से लेकर मेडिकल कालेज तक सफाई कराई गई। टोलियां दिनभर सफाई में जुटी रहीं।
इलाइट चौराहे से मेडिकल कालेज और कानपुर बाईपास तक अवैध होर्डिंग हटाए गए। सड़क किनारे रखे खोखे हटा दिए गए। कानपुर बाईपास से कोछाभांवर रोड पर भी अतिक्रमण हटाया गया। मेडिकल कालेज के सामने सड़क के दोनों ओर फुटपाथ से कब्जे हटाए गए। होर्डिंग हटाने का अभियान इलाइट चौराहा से सर्किट हाउस रोड तक भी चलाया गया।