झांसी। देश में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन ओमिक्रॉन की दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। कोरोना वायरस के इस नए रूप को लेकर मेडिकल कॉलेज में एक वार्ड आरक्षित किया जा रहा है। यदि कोई मरीज आता है तो उसे यहीं पर भर्ती कर इलाज शुरू किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना के नए रूप ओमिक्रॉन भारत समेत 31 देशों तक पहुंच चुका है। इसे कोरोना के दूसरे वेरिएंट से ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है। भारत में केस सामने आने के बाद पूर प्रदेश में भी अलर्ट हो गया है। झांसी में स्वास्थ्य महकमा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब यहां पर एक वार्ड आरक्षित किया जा रहा है। यदि कोरोना के मरीज सामने आते हैं, तो उन्हें इसी वार्ड में भर्ती किया जाएगा। यह वार्ड सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में भी हो सकता है। इसके अलावा अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं के इंतजाम भी कराए जा रहे हैं। इलाज के दौरान इस्तेमाल होने वाले उपकरण पल्स ऑक्सीमीटर, वेंटिलेटर आदि भी जांच कराई जा रही है। यदि कोई खराब होता है तो उसे दुरुस्त करा लिया जाएगा।
झांसी में अब तक कोरोना वायरस का कोई मरीज नहीं है। ओमिक्रॉन के मद्देनजर मेडिकल कॉलेज में एक वार्ड आरक्षित किया जा रहा है। यदि कोई कोरोना का मरीज आता है तो उसे यहीं पर भर्ती कर इलाज किया जाएगा। - डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ, झांसी।