झांसी। गुजरात के कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद अस्पतालों में अग्निशमन यंत्र की हकीकत की जांच की जाएगी। एक्सपायरी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
गुजरात के राजकोट जिले में एक सप्ताह पहले कोविड अस्पताल में भीषण आग लग गई थी। यहां पर 11 मरीज भर्ती थे, इनमें से पांच की तो मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, एक मरीज ने बाद में दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद शासन की तरफ से सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग को अग्निशमन यंत्रों को दुरुस्त रखने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में यंत्रों की जांच पड़ताल कर एक्सपायरी तिथि की जानकारी करने को कहा है। जहां पर भी एक्सपायरी यंत्र मिलते हैं, वहां के संबंधित अफसर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एडी हेल्थ डॉ. वीके सिन्हा ने बताया कि आदेश प्राप्त होने के बाद अस्पतालों में अग्निशमन यंत्रों की जांच कराई जा रही है।
कालातीत मिलते रहे हैं यंत्र
जिले के कई अस्पतालों में जांच के दौरान अग्निशमन यंत्र कालातीत मिलते रहे हैं। इस पर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। साथ ही अस्पतालों में नए यंत्र भी लगवाए गए हैं।