राहत : अगले साल जुलाई तक 54 हजार घरों में पहुंचेगा पाइपलाइन से पानी
झांसी। पानी की किल्लत से जूझ रहे महानगरवासियों के लिए अच्छी खबर है। अटल मिशन फॉर रिजूवेशन एंड अरबन ट्रांसफारमेशन (अम्रुत) के अंतर्गत चल रहे पेयजल महायोजना के काम में करीब दो सौ किलोमीटर पाइपलाइन डालने का काम पूरा कर लिया गया है। अब कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जलनिगम का लक्ष्य है कि जुलाई 2022 तक महानगर के 54279 घरों तक पानी पहुंचा दिया जाएगा।
महानगर में एक लाख से अधिक मकान हैं। इनमें से चालीस हजार घरों में पानी के कनेक्शन हैं। चूंकि पूरे महानगर में अभी पानी की पाइपलाइन नहीं है, इस कारण अभी पूरे महानगरवासियों को पानी नहीं मिल पाता है। पानी की समस्या के समाधान के लिए पेयजल महायोजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। महानगर को 29 जोन में बांटा गया है। इसमें पहले चरण में 13 जोन और दूसरे चरण में 16 जोन को शामिल किया गया है। इसमें अधिक समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाई जा रही है। 244 किलोमीटर के क्षेत्र में से अब तक करीब दो सौ किलोमीटर में पाइपलाइन डाली जा चुकी है। इसमें तालपुरा में 19 किलोमीटर, सागर गेट में 13 किलोमीटर, सिलवर्टगंज में 29 किलोमीटर, सिमरधा में नौ किलोमीटर, भगवंतपुरा में 14.50 किलोमीटर, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में 35 किलोमीटर, नंदनपुरा में 23.50 किलोमीटर और सिमराहा में 28 किलोमीटर में पाइपलाइन डालने का काम पूरा हो गया है। अब इन क्षेत्रों में लोगों के घरों में कनेक्शन दिए जा रहे हैं। क्षेत्र में पानी की सप्लाई के लिए मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में बराठा बेसिन और अन्य क्षेत्रों में माताटीला बांध से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
मीटर लगाने पर लगी है रोक
कितना पानी खर्च होगा, इसकी जांच के लिए कनेक्शन के साथ मीटर लगाए जा रहे थे। मीटर लगाने का काम चल रहा था कि शासन ने इस पर रोक लगा दी है। इससे फिलहाल कनेक्शन के साथ मीटर नहीं लगाए जा रहे हैं।
वर्जन
जुलाई 2022 तक महानगर के 54279 घरों तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। इसे पूरा कर लिया जाएगा। योजना पर काम चल रहा है। - रोहित चौरसिया, अधिशासी अभियंता, अतिरिक्त निर्माण इकाई जल निगम।