झांसी। रिंग सेरेमनी के बाद शादी से इन्कार कर देने पर कन्या पक्ष ने बेटी के मंगेतर समेत तीन के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि रस्म पूरी होने के दो दिन बाद वर पक्ष ने दहेज की अतिरिक्त मांग करते हुए 12 लाख नकद, दो भैंस, बुलेट और 12 तोला सोना की मांग करने लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीपरी बाजार के ग्वालियर रोड निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी इकलौती बेटी दीक्षा का रिश्ता महोबा जिले के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के कमालपुरा, लाड़पुर निवासी हरि सिंह राजपूत के पुत्र हदेश राजपूत से तय किया था। शादी तय होने पर पांच लाख रुपये नकद, एक सोने की जंजीर, अंगूठी और घर का फर्नीचर, एसी व फ्रिज सहित अन्य सामान देने की बात हुई थी।
आरोप है कि रिंग सेरेमनी के बाद वर पक्ष दहेज की अतिरिक्त मांग करने लगा जबकि वह लोग पहले ही लाखों रुपये खर्च कर चुके थे। मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक तहरीर के आधार पर मंगेतर, समेत हरि सिंह एवं चंद्रशेखर राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कराई गई है।