बहुजन समाज पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची फाइनल होने की घोषणा तो कर दी, लेकिन नाम नहीं पता लगने से अभी भी कयास लगाए जा रहे हैं। यह भी पता नहीं लगा कि कहां प्रत्याशी बदले गए और कहां नहीं।
बसपा काफी समय से चुनाव की तैयारियों में जुटी है। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को विधानसभा प्रभारी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है। इसमें झांसी सदर सीट से सीताराम कुशवाहा, गरौठा सीट से डा. अरुण मिश्रा, बबीना सीट से विधायक कृष्णपाल सिंह और मऊरानीपुर से पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने ललितपुर से सिटिंग विधायक रमेश कुशवाहा का टिकट काटकर संतोष कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया और महरौनी से विधायक फेरनलाल अहिरवार को चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।
इस तरह गरौठा से सामान्य वर्ग, झांसी से पिछड़े, बबीना से पिछड़े वर्ग और मऊरानीपुर से दलित को मैदान में उतारा है। ललितपुर से पिछड़े वर्ग और महरौनी से दलित वर्ग के नेता को उम्मीदवार बनाया है। अभी यह नहीं पता लगा है कि आज जारी की गई उम्मीदवारों की सूची में ये ही नाम हैं या फिर इसमें कोई बदलाव किया गया है। इस बारे में बसपा का कोई स्थानीय नेता भी कुछ नहीं बता रहा।