झांसी। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने मुख्य शहरों के उपभोक्ताओं को प्री- पेड बिजली उपलब्ध कराने की योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो वर्ष 2016 के अंत तक झांसी महानगर के उपभोक्ताओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा।
प्रदेश में आज भी पैंतीस प्रतिशत विद्युत लाइन लॉस व चोरी हो रही है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन सभी बड़े शहरों में नए मीटर लगाने व बंच कंडक्टर केबल डालने का काम युद्धस्तर पर कर रहा है। जिन स्थानों पर मीटर बदलने व बंच कंडक्टर तार डालने का काम हो चुका है, उन क्षेत्रों में अप्रत्याशित यह प्रतिशत घटकर पंद्रह से बीस पर रह गया है। इसी तरह अब उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद महानगरों में प्री- पेड मीटर लगाने शुरू कर दिए हैं।
झांसी महानगर में भी प्री- पेड मीटर लगाने की योजना है। प्री- पेड मीटर में कैलकुलेटर की तरह नंबर होते हैं। उपभोक्ता कार्ड खरीदने के बाद मीटर में नंबर डायल कर मोबाइल की तरह चार्ज कर लें। इसके बाद उपभोक्ता ने जितने का रीचार्ज कराया होगा, उतने समय तक उसे बिजली मिलती रहेगी। इस व्यवस्था में उपभोक्ता को बिल जमा करने की समस्या से तो निजात मिलेगी ही बिजली भी जागरूक होकर खर्च करेगा। दूसरा, बिजली चोरी होने की संभावना भी खत्म हो जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार वर्ष 2016 के अंत तक महानगर के उपभोक्ताओं को भी इस सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। हालांकि, विद्युत अफसर अभी मामले में कुछ बताने से बच रहे हैं।