झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय शतरंज (महिला, पुरुष) प्रतियोगिता के पहले दिन बीयू के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बीयू के खिलाड़ियों ने विपक्षियों को हराकर चारों मुकाबले अपने नाम कर लिए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ा अधिकारी डा. सूरजपाल सिंह ने किया। प्रतियोगिता के दौरान सभी मैच रोमांचक रहे। इस दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के वैभव ने शिवस्वरूप को, महोबा के अमर पुरवाल ने बीकेडी के अंकुर कुमार को, बीयू के सत्येंद्र ने हरि सिंह आर्या डिग्री कॉलेज के सूरज विश्वकर्मा को, बीयू के ही रत्नेश ने बीबीसी के आशीष कुमार को, बीयू के प्रेम सिंह ने महोबा के जसवंत को, बीकेडी के मोहम्मद शकील ने अनुराधा व्यास को, बीबीसी के सुहेब अहमद ने बीकेडी के विशाल सेन को हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बुधवार को सुबह दस बजे से अंतिम चार राउंड शुरू होंगे। प्रतियोगिता में सात महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया है। प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।