अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेम विवाह करने के बाद नौ साल बाद विवाहिता ने पति की आदतों से तंग आकर जहर निगल लिया। नाजुक हाल में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ललितपुर के पाली थाना के पान पाली गांव निवासी करिश्मा (29) ने नौ साल पहले पड़ोस में रहने वाले मनीराम चौरसिया से प्रेम विवाह किया था। करिश्मा के परिजनों का आरोप है कि मनीराम शराब और जुआ खेलने का लती था। करिश्मा को यह बात पहले पता नहीं थी। शादी के बाद उसे यह बात पता चली। करिश्मा ने पति की शराब की लत छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन दोनों में विवाद होने लगा। अक्सर उनके बीच झगड़ा होता था।
उनका कहना है कि पति शराब पीने के साथ जुआ खेलकर बचत के पैसे हार जाता था। बुधवार शाम को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मनीराम गुस्से में घर से बाहर चला गया। इसी दौरान करिश्मा ने जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर करिश्मा के बेटे ने यह बात पड़ोस में रह रही नानी को बताई। अचेत हाल में करिश्मा को लेकर वह लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।