अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुधवार शाम स्टेशन रोड पर पैदल जा रहे रेहड़ी संचालक युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। बृहस्पतिवार तड़के उसकी मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जरिए उसे तलाश रही है।
सीपरी बाजार के मसीहागंज निवासी अनूप कुमार (40) लखन लाल होटल हाइवे के पास रेहड़ी लगाता था। कुछ दिन से वह दुकान नहीं लगा रहा था। बुधवार शाम करीब छह बजे वह चित्रा चौराहा से स्टेशन की ओर पैदल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह चित्रा चौराहा को पार करके स्टेशन रोड पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ, पांव एवं सिर में गहरी चोट आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की लेकिन, चालक तेज रफ्तार से निकल भागा। सूचना पर नवाबाद थाने से पुलिस बल भी पहुंच गया। घायल अनूप को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी बृहस्पतिवार तड़के मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी के मुताबिक वाहन चालक की तलाश की जा रही है।