अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पैसों को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने तमंचे से फायरिंग करते हुए स्कूटी सवार युवक को अगवा कर ले गए। अगवा युवक के दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। थोड़ी देर में ही चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई। कैमरों से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस युवक को तलाश रही है। रविवार को भी उसका सुराग नहीं लग सका। हालांकि पुलिस अफसरों का दावा है कि आरोपी का पता चल गया है। जल्द ही युवक को बरामद कर लिया जाएगा। वहीं, एसएसपी ने आरोपी पर इनाम भी घोषित कर दिया है।
थाना नवाबाद के राजपूत कॉलोनी निवासी अभय कुशवाहा उर्फ गुल्लू ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह अपने दोस्त यश पाठक के साथ एकता गार्डन गया था। रात करीब 10:35 बजे दोनों स्कूटी से लौट रहे थे। एकता गार्डन के आगे स्कूटी को कार सवार युवकों ने टक्कर मार दी। कार सवार युवक गाली-गलौज करते हुए नीचे उतर आए। दोनों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली किसी को नहीं लगी। इसी दौरान राज को घसीटकर कार में बिठा लिया और वहां से भाग निकले। बदहवास अभय ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ जा पहुंचे। नाकेबंदी कराई, फिर भी कार सवार का पता नहीं चला। देर-रात तक पुलिस युवक की तलाश में जुटी रही। अभय से पूछताछ करने एवं कैमरों को खंगालने पर चिरगांव निवासी अरुण यादव की शिनाख्त हुई। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है। प्रारंभिक छानबीन में मालूम चला कि युवकों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इस वजह से वारदात की बात सामने आई है। आरोपियों के पकड़े जाने पर ही सही बात पता चल सकेगी।
इनसेट
कार सवार बदमाशों पर 15 हजार का इनाम घोषित
मामूली विवाद के बाद युवक को अगवा कर ले जाने के आरोपी अरुण यादव की तलाश में रविवार को भी पुलिस जुटी रही लेकिन, उसका सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने उसके कई ठिकानों पर दबिश दी। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग तीन टीम गठित की है। 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।