झांसी। अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन एशिया प्रशांत के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद बुधवार की रात डा. चंद्रपाल सिंह यादव का पहली बार झांसी आगमन हुआ। यहां रेलवे स्टेशन पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे समर्थकों ने ट्रेन से उतरते ही डा. चंद्रपाल को फूल-मालाओं से लाद दिया। स्टेशन के बाहर जमकर आतिशबाजी हुई। इसके बाद काफिले के साथ वे सीपरी बाजार स्थित अपने घर पहुंचे। यहां देर रात तक लोगों का जमावड़ा बना रहा। इस मौके पर सिंहव्रत सिंह, सज्जन सिंह यादव, हरभजन साहू, शकील खान, असद उल्ला, हरीश हासानी, विश्वप्रताप सिंह, राहुल मिश्रा आदि मौजूद रहे। विदित हो कि अध्यक्ष पद के लिए चंद्रपाल सिंह के सामने जापान के चितोस अराय थे। वोटिंग के दौरान चंद्रपाल के पक्ष में 185 और चितोस के पक्ष में 83 वोट पड़े। ऐसे में चंद्रपाल सिंह ने 98 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। वे कृषक भारती सहकारी लिमिटेड (कृभको) के चेयरमैन भी हैं।