पत्नी से विवाद के बाद ललितपुर कोतवाली पहुंचे गैंगस्टर के आरोपी शिवम तिवारी (37) ने पुलिसकर्मियों के सामने जहर निगल लिया। उसके जहर निगलने से कोतवाली में खलबली मच गई। पुलिसकर्मी अचेत हाल में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार तड़के उसकी मौत हो गई। कुछ दिनों पहले ही शिवम जेल से छूटकर बाहर आया था।
जेल से आने के बाद फिर करने लगा था वारदात
ललितपुर के नई बस्ती मोहल्ला निवासी शिवम के खिलाफ दुष्कर्म, चोरी, लूट जैसे मामलों में कई थानों में मामले दर्ज हैं। कोतवाली में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। करीब आठ साल पहले उसने ललितपुर निवासी राधिका से प्रेम विवाह किया था। शिवम एक पुराने मामले में जेल में था। कुछ दिनों पहले ही जमानत पर छूटकर आया था। जेल से आने के बाद से वह फिर से वारदात में शामिल होने लगा। राधिका इसका विरोध करती थी। इस बात को लेकर मंगलवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में शिवम ने पत्नी की पिटाई कर दी। पत्नी को चोट आ गई। वह इसकी शिकायत लेकर कोतवाली जा पहुंची। राधिका की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शिवम को थाने पर बुलाया था।
समझौते के दौरान निगला जहर
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बुधवार दोपहर जब पत्नी से समझौते की बात चल रही थी, तभी शिवम ने जेब से जहरीला पदार्थ निकालकर उसे निगल लिया। पुलिस कर्मी तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उसकी हालत बिगड़ने लगी। मेडिकल अस्पताल में उसकी मौत हो गई। ललितपुर कोतवाली प्रभारी अनुराग अवस्थी का कहना है कि शिवम पहले से जहर निगलकर थाने पहुंचा था। यहां पहुंचने पर उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिवम के खिलाफ कोतवाली समेत कई थानों में मामले दर्ज थे। कोतवाली में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई थी।