अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार से जल संस्थान ने टैंकर संचालन आरंभ किया। पहले दिन तीन प्वाइंट की मदद से महानगर में टैंकरों ने कुल 115 चक्कर लगाकर जलापूर्ति की। जल संस्थान अफसरों के मुताबिक, मंगलवार से तीन नए प्वाइंट और चक्करों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
पारा चढ़ने के साथ अप्रैल की शुरुआत से ही तमाम मोहल्लों में जलस्तर नीचे जाने लगा था। इस वजह से आईटीआई, सिद्धेश्वर नगर, मास्टर कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, वर्मा कॉलोनी, सत्यम कॉलोनी समेत दर्जनों मोहल्लों में पेयजल संकट पैदा हो गया। जल संस्थान के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके लोग टैंकर की मांग कर रहे थे, लेकिन औपचारिक अनुमति न मिलने से टैंकर चलाए नहीं जा सके। पानी की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए सोमवार से टैंकरों का संचालन आरंभ कर दिया गया। पहले दिन दतिया गेट, मसीहागंज एवं राजपूत कॉलोनी पर बने प्वाइंट से टैंकर भेजे गए। पानी का संकट झेल रहे मोहल्लों में पहले दिन 115 टैंकरों ने चक्कर लगाकर पानी पहुंचाया।
टैंकर संचालन आरंभ कर दिया गया है। मंगलवार से मुरारीनगर, नंदनपुरा, भगवंतपुरा, सिमराहा से भी टैंकर भेजे जाएंगे। जहां आवश्यकता होगी वहां मांग के मुताबिक टैंकर भेजा जाएगा। - प्रदीप सिंह जादौन, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
टैंकरों पर लगवाए गए जीपीएस
टैंकर संचालन में गड़बड़ी न होने पाए इसके लिए उनमें जीपीएस लगाया गया है। जीपीएस के जरिए सभी टैंकरों पर सीधे कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। इनकी निगरानी के लिए अवर अभियंताओं की ड्यूटी भी लगी है। इस दफा 80 हजार से अधिक चक्कर लगाए जाने की अनुमान है। हालांकि, महानगर पेयजल योजना के माध्यम से आपूर्ति आरंभ हो जाने से इसमें काफी आने की संभावना भी जताई जा रही है।