झांसी। थाना रक्सा क्षेत्र से लापता युवक का शव 31 घंटे बाद नहर में मिला। गोताखोर की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। परिजनों ने किसी भी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पूरे प्रकरण को हादसा मान रही है।
थाना रक्सा क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी रवि पाठक का पुत्र सतेंद्र पाठक सोमवार सुबह अचानक गायब हो गया था। खोजबीन के दौरान उसकी बाइक नहर किनारे मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही रक्सा पुलिस ने गोताखोर बुलाकर नहर में उनकी खोजबीन कराई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। मंगलवार सुबह फिर से टीम ने खोजबीन की। जहां करीब 11 बजे उनका शव नहर में ही पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।