झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और कॉलेजों में संचालित व्यावसायिक कोर्सों की प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के बाद अब काउंसलिंग की तिथि भी घोषित कर दी गई है। 12 अक्तूबर से ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होगी, जो कि 19 तक चलेगी। हालांकि, काउंसलिंग शेड्यूल में बीएससी नर्सिंग और बीपीएड कोर्स शामिल नहीं हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में 30 व्यावसायिक कोर्सों में प्रवेश के लिए 27 सितंबर को परीक्षा हुई थी। परीक्षा के लिए झांसी के अलावा छह और केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा का परिणाम बीयू प्रशासन की तरफ से 30 सितंबर को घोषित कर दिया गया था। शुक्रवार को काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। प्रवेश सेल समन्वयक प्रो. प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि बीएससी नर्सिंग और बीपीएड को छोड़कर शेष 28 कोर्सों के छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग 12 से 19 अक्तूबर तक ऑनलाइन प्रथम प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर पर प्रवेश आवंटन की सूचना नौ अक्तूबर से भेजी जाएगी। सूचना मिलने के बाद अभ्यर्थी लॉग इन आईडी से अपना आवंटन, काउंसलिंग पत्र डाउनलोड करेंगे। बीयू परिसर में आवंटित अभ्यर्थियों द्वारा आवंटन पत्र में दी गई ई-मेल पर सभी प्रपत्रों को प्रेषित कर विभागाध्यक्ष, समन्वयक के फोन नंबर पर सूचित करते हुए प्रवेश कंफर्म कराने के बाद ऑनलाइन ही शुल्क जमा करना होगा।