झांसी। बरुआसागर में अधिक बिजली देने के मामले में हटाए गए एक्सईएन व जेई के प्रकरण के बाद सीपरी बाजार क्षेत्र में नया मामला सामने आया है। यहां 40 मीटर से अधिक दूरी पर स्थायी कनेक्शन देने की शिकायतें मिलने पर यहां के अवर अभियंता को हटाकर मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही, अब उसे चार्जशीट देेन की तैयारी की जा रही है।
विगत 23 जनवरी को बरुआसागर सबस्टेशन से जुड़े ग्रामीण फीडरों को अधिक बिजली देने के मामले में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक सौम्या अग्रवाल ने एक्सईएन राकेश सिंह व जेई राकेश सेन को निलंबित कर दिया था। निलंबन का साथी अधिकारी व कर्मचारियों ने पुरजोर विरोध किया था। बाद में एमडी ने निलंबन वापस लेकर एक्सईएन का स्थानांतरण ललितपुर और जेई को मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया था।
अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब सीपरी बाजार खालसा सबस्टेशन से जुड़ा नया मामले सामने आ गया। यहां के अवर अभियंता परमेश्वरी गोराई पर आरोप है कि उन्होंने मनमाने तरीके से 40 मीटर दूरी होने के बाद भी स्थायी कनेक्शन दे दिए। इस बात से उच्च अधिकारियों को अनभिज्ञ रखा गया। जब आसपास के दूसरे लोग उसी आधार पर स्थायी कनेक्शन मांगने आने लगे तो मामला खुलकर सामने आ गया। शिकायतें उच्च अधिकारियों के लिए समस्या बन गईं थीं। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता (महानगर) राकेश वार्ष्णेय ने बताया कि शिकायतों के चलते अवर अभियंता को हटाया गया है। जल्द ही चार्जशीट दी जाएगी। उनकी जगह दिग्विविज सिंह को चार्ज दिया गया है।