झांसी। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई में बबीना थाना इलाके में डंप कर रखी हुई तीन सौ ट्राली के बराबर बालू का अवैध जखीरा बरामद हुआ है। मौके पर एक ट्रैक्टर बरामद हुआ, जिसे सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में बालू का अवैध खनन जोरों पर जारी है। खनन माफिया नदियों का सीना चीरकर बेतहाशा बालू निकाल रहे हैं। बबीना इलाके के ग्राम शेखर व बाघोरा में अवैध खनन की लगातार सूचनाएं मिल रहीं थीं। इस पर मंगलवार की सुबह पांच बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव कुमार मौर्य के साथ पुलिस टीम ने छापा मारा। इससे वहां हड़कंप मच गई। खनन में लगी गाड़ियां यहां वहां भाग निकलीं। मौके से एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसे सीज कर दिया गया।
इसके बाद आसपास के इलाकों में पड़ताल की गई। क्षेत्र में लगभग तीन सौ ट्रैक्टर ट्रॉली के बराबर बालू डंप की हुई अलग - अलग स्थानों पर रखी पाई गई, जिसे खनिज विभाग की सुपुर्दगी में दे दिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि बेतवा नदी के जिस घाट पर कार्रवाई की गई, उसके दूसरे तट पर मप्र की सीमा है। खनन कारोबारी इसी का नाजायज फायदा उठाते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।