अनुशासनहीन अवर अभियंताओं पर कार्रवाई
झांसी। शासन द्वारा छुट्टियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध होने के बाद भी झांसी विकास प्राधिकरण के चार अभियंता अवकाश पर चले गये थे। जिसको लेकर जेडीए उपाध्यक्ष ने कार्रवाई करते हुए चार दिन का वेतन काटने के साथ ही चारों अवर अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा है।
दीपावली, ईद मिलादुन्नबी व अयोध्या मामले पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को लेकर शासन ने प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर 15 दिसंबर तक पूरी तरह से प्रतिबंधित लगा दिया था। लेकिन, झांसी विकास प्राधिकरण के चार अभियंता विभाग को सूचना दिए बिना ही चार दिन के अवकाश पर चले गए थे। जिसको लेकर जेडीए उपाध्यक्ष ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। अवकाश पर गए जेडीए के अवर अभियंता जयशंकर, निमिश गुप्ता, सिहोरी लाल व विनीत पर कार्रवाई करते हुए चारों का चार दिन का वेतन काटने के साथ ही चारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके साथ ही, अनुशासनहीनता के लिए अवर अभियंता जयशंकर से प्रवर्तन व मानचित्र संबंधी कार्य लेकर एक अन्य अभियंता को सौंपा गया है। इस संबंध में जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।