संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। कोतवाली मऊरानीपुर क्षेत्र के अंतर्गत गरौठा और अंबेडकर चौराहे के बीच बृहस्पतिवार की शाम हुई मारपीट और लूट की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से प्राथिमिकी दर्ज की है।
ढिमलोनी निवासी इंद्रेश उर्फ अन्नू मिश्रा ने मऊरानीपुर थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि नौ जुलाई की शाम वह अंबेडकर चौराहे से अपने घर जा रहा था। इसी बीच हनुमान मंदिर के पास मोटरसाइकिल पर सवार राहुल सिंह परिहार व दीपक शराब के नशे में आए और उसका रास्ता रोक लिया। वे मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी और ईंट से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया और वह अचेत होकर गिर पड़ा। आरोप है कि हमलावर उसकी जेब से मोबाइल फोन व 20 हजार रुपये नकद लूट ले गए।
वहीं, दूसरी ओर ग्राम रोरा थाना लहचूरा निवासी राहुल सिंह परिहार कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि नौ जुलाई की शाम वह अपने दोस्त दीपक के साथ गरौठा चौराहे से अंबेडकर चौराहे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में शराब के नशे में धुत इंद्रेश उर्फ अन्नू मिश्रा ने उनका रास्ता रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए रुपयों की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर ईंट से दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। जिससे सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उसकी जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए और वह जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।