- मृतका की बुआ का बेटा है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सदर बाजार थाना इलाके में शुक्रवार की दोपहर एक शिक्षिका ने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका की बहन ने एक लेखपाल पर बहन को प्रेमजाल में फंसाकर धोखा देने का आरोप लगाया था। आरोपी मृतका की बुआ का बेटा है। पुलिस ने आरोपी लेखपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
सदर बाजार थाना इलाके के भट्टागांव निवासी सुमनलता (32) बामौर ब्लॉक के ग्राम अहरौरा के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। शनिवार की दोपहर उसने घर में जहर का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतका की बहन किरनलता ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी थी, जिसमें बताया था कि लेखपाल प्रहलाद सिंह ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया था। बहन को धोखा देकर उसने छह जून 2023 को दूसरी महिला से शादी कर ली थी। बावजूद, वह बहन से लगातार संपर्क में बना रहा था। वह बहन से कहता था कि पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा। बहन मानसिक अवसाद में चली गई थी। इसी स्थिति में बहन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
सदर बाजार थाने की प्रभारी निरीक्षक सरिता मिश्रा ने बताया कि मृतक की बहन की तहरीर पर आरोपी लेखपाल थाना टोड़ीफतेहपुर के ग्राम लुहरगांव निवासी प्रहलाद सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी मृतका की सगी बुआ का बेटा है। भाई-बहन का रिश्ता होने की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पाई थी। मामले की पड़ताल की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।