झांसी। शुक्रवार व शनिवार की रात झांसी - कानपुर राजमार्ग स्थित मोंठ में खड़े डंपर से तेज गति से जा रहा ट्रक टकरा गया। इससे ट्रक की केबिन में आग लग गई। आग की चपेट में आकर क्लीनर की मौत हो गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया।
उरई के बंडरा निवासी पुनीत शर्मा (24) ट्रक क्लीनर था। शुक्रवार की रात वह खाने का सामान लेने झांसी आया था। यहां से माल लेकर वह झांसी से चालक के साथ उरई जाने को रवाना हुआ। अभी ट्रक मोंठ पहुंचा था, तभी सड़क किनारे खड़े डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही अचानक केबिन में आग लग गई। यह देखकर चालक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन आग की चपेट में आकर पुनीत की मौत हो गई। खबर पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक पुनीत दम तोड़ तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
मालगाड़ी से कटकर हलवाई की मौत
झांसी। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में झांसी - भोपाल रेलवे लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आकर एक हलवाई की मौत हो गई। थाना प्रेमनगर के नौ नंबर निवासी तुलसीदास कुशवाहा (45) हलवाई था। शुक्रवार शाम झांसी - भोपाल रेलवे लाइन पटरी पार करते मालगाड़ी की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।