लॉकडाउन में छनियापुरा बाजार में बढ़ी चहल पहल।
झांसी। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार की देर रात कंटेनमेंट जोन तथा हॉट स्पॉट से बाहर के इलाकों की दुकानों को खोलने की छूट दे दी थी, परंतु झांसी को फिलहाल कोई ढील मिलने वाली नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुक्रम में भी अगले फैसले लिए जाएंगे। वहीं, शनिवार को व्यापारी दुकानें खोलने को लेकर असमंजस की स्थिति में रहे।
दुकानों को खोलने की सूचना पर सुबह व्यापारी अपने घरों से निकलकर दुकानों की ओर चल पड़े। गांधी रोड, सुभाष गंज में बगैर आवश्यक सेवाओं से जुड़ीं दुकानें खोल भी लीं गई। बाजारों में रोजाना से ज्यादा चहल पहल भी रही। लेकिन, इससे पहले कि कारोबार शुरू हो पाता, पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दुकानों को बंद कराया और भीड़ को नियंत्रित किया। महानगर के अन्य बाजारों में भी कमोबेश यही स्थिति देखने को मिली। बाजार तो दिन भर बंद रहे, परंतु व्यापारी असमंजस की स्थिति में रहे। सभी एकदूसरे से दुकानों को खोलने के संबंध में जानकारियां जुटाते रहे। शाम को भी महानगर के अंदरूनी हिस्सों में दुकानें खुली मिलीं। यहां भी पुलिस को दुकानें बंद करानी पड़ीं।
जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार ही आगे की स्थिति तय होगी। फिलहाल लॉकडाउन यथावत जारी रहेगा।