पूंछ/झांसी। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्घ समेत दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।
शुक्रवार सुबह थाना पूंछ के डेरा गांव निवासी दीपू (25) अपने साथी अर्जुन (15) बाइक पर सवार होकर पूंछ जाने को निकले। अभी दोनों हाईवे के पास पहुंचे थे, तभी सामने तेज रफ्तार आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के आने से पहले चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां उपचार से पहले ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मृतक दीपू की पांच साल पहले शादी हुई थी। दीपू का 2 वर्ष का लड़का निखिल और 1 वर्ष की पुत्री प्रिया है। मृतक अर्जुन अपनी मां का सहारा था। अर्जुन अपने भाई बहनों में सबसे बड़ा है। वही घर का खर्चा चलाता था। उसके पिता सुनील की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है।
इधर, थाना सदर बाजार के भगवंतपुरा निवासी बृजलाल (77) मोपेड पर सवार होकर इलाज कराने मेडिकल कालेज को निकले। अभी वह बस स्टैंड के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको भी गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
हालत बिगड़ने पर दो की मौत
झांसी। अलग-अलग स्थानों पर एक वृद्घा समेत दो लोगों की हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
थाना कोतवाली के सूजे खां खिड़की निवासी बेटीबाई (90) की शुक्रवार सुबह घर पर तबीयत खराब हो गई। परिजन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। इधर, थाना नवाबाद स्थित लाल कॉलोनी निवासी संजीव राजपूत (45) की हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई।