AC of trains responding in scorching heat, passengers getting upset
- फोटो : REPORTERS
झांसी। आरामदायक और सुविधाजनक सफर कराने का रेलवे का दावा फेल होता जा रहा है। ट्रेनों में यात्री गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। वहीं एसी खराब होने की भी शिकायतें खूब आ रही हैं। हालांकि रेलवे अफसरों का दावा है कि सूचना मिलने पर तत्काल तकनीकी खराबी को दूर कराया जाता है।
लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों की दिक्कत बढ़ रही है। यात्री गर्मी से बचने के लिए एसी श्रेणी में टिकट बुक कराते हैं। लेकिन इन दिनों ट्रेनों में एसी खराब होने के मामले बढ़ रहे हैं। यात्री लगातार रेल मदद एप और ट्वीटर पर इसे लेकर शिकायत कर रहे हैं।
सोमवार को आंबेडकर नगर से मां वैष्णोदेवी कटरा जा रही मालवा एक्सप्रेस के कोच बी-1 में भोपाल स्टेशन के पास एसी खराब हो गया। बीना जंक्शन तक यात्रियों ने बिना एसी के सफर किया। एक यात्री ने ट्वीटर पर डीआरएम से शिकायत की। जिस पर ट्रेन में चल रहे स्टाफ ने ललितपुर पहुंचने पर एसी ठीक किया। इसके बाद यात्रियों को राहत मिली।
वहीं रविवार को एक यात्री ने रेल मदद पर ट्रेन संख्या 16093 मुंबई-लखनऊ एक्सप्रेस के कोच बी-2 में एसी की कूलिंग कम होेने की शिकायत की। बताया जाता है कि एसी खराब होने की रोज 10-12 शिकायतें आ रही हैं। रेलवे अफसरों का कहना है कि सूचना मिलने पर तुरंत टीम भेजकर एसी को सही कराया जाता है।
गर्मी से बढ़ रही दुश्वारी
ट्रेनों में एसी के साथ पंखे बंद होने से यात्रियों को गर्मी में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर खड़ी मानिकपुर-झांसी मेमू में यात्री पंखे न चलने से परेशान रहे। गर्मी के चलते यात्री ट्रेन से बाहर आकर प्लेटफार्म पर बैठ गए।