फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आसमान से बरस रही आग... पानी के लिए मचा हाहाकार

विज्ञापन
विज्ञापन
आसमान से बरस रही आग...पानी के लिए मचा हाहाकार
विज्ञापन

झांसी। आसमान से आग बरस रही है। बढ़ती गर्मी के साथ तापमान सारे रिकार्ड तोड़ रहा है। गर्मी में गले को तर के सारे इंतजाम महानगर में ठप हुए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत महानगर के बाजारों में लगे प्याऊ और वाटर एटीएम दिखावा बनकर रह गए हैं। रेलवे स्टेशन पर लगे वाटर एटीएम ताले में बंद हैं, तो बस स्टैंड की प्याऊ पर गंदगी का आलम है। बाजार में लगे प्याऊ पर अतिक्रमण का साया है। इसके अलावा जहां प्याऊ काम भी कर रही हैं, तो गर्मी के चलते खौलता हुआ पानी निकल रहा है। ऐसे में लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। वहीं संक्रमण काल में लोग पैक्ड पानी से मुंह फेरकर प्यासे रहने को ही मजबूर हैं। बुधवार को अमर उजाला टीम ने महानगर में पानी के इंतजामों की पड़ताल की। पढ़िए रिपोर्ट......
प्याऊ से गर्म पानी, शुद्ध और ठंडे पानी पर ताला
झांसी रेलवे स्टेशन से मौजूदा समय में करीब 70 ट्रेनें गुजर रही हैं। यहां रोज करीब तीन हजार यात्री उतर रहे हैं। गर्मी मेें प्यास से तड़पते यात्रियों के लिए पानी की बोतल ही सहारा है। रेलवे ने स्टेशन पर शुद्ध और सस्ता पानी देने के लिए वाटर एटीएम लगवाए हैं। लेकिन यह बंद पड़े हुए हैं। वहीं रेलवे स्टेशन पर लगे प्याऊ से गर्म पानी मिल रहा है। इसके साथ ही तमाम प्याऊ गंदे और खराब पड़े हैं। ऐसे में यात्रियों को 20 रुपये की बोतल खरीदनी पड़ रही है।
विज्ञापन

बस स्टैंड की प्याऊ से निकलता है खौलता पानी
बस स्टैंड पर बनी प्याऊ भी यात्रियों की प्यास नहीं बुझा पा रही है। अव्वल तो प्याऊ पर गंदगी का आलम है। सालों से इस पर तो रंग रोगन हुआ है और न ही सफाई कराई गई है। इसके साथ ही खुले आसमान के नीचे बनी प्याऊ पर आग बरसती है, तो टोंटियों से खौलता पानी निकलता है। बस स्टैंड पर लगे हैंडपंप भी जवाब दे गए हैं। वहीं निजी बस संचालकों ने अपने कार्यालय के पास एक वाटर कूलर लगवाया हुआ है, लेकिन यात्रियों को यह नजर ही नहीं आता।
बाजार में प्यास से तड़प रही हैं प्याऊ
महानगर के बाजारों में प्यास बुझाने के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। मालिनों के तिराहे पर बनी प्याऊ अतिक्रमण की शिकार है। यहां पर पाइपलाइन टूट गई है। टोंटियां टूटी हैं। वहीं फड़ लगाने वालों ने प्याऊ को घेर लिया है, तो रही सही कसर इसके पास लगे ट्रांसफार्मर ने पूरी कर दी है। इसके साथ ही पंचकुइंया पर बनी प्याऊ का हाल भी कुछ ऐसा ही है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पीना तो छोड़िए हाथ धोने तक का पानी नसीब नहीं होता। प्याऊ की पाइपलाइन उखड़ चुकी हैं। टंकी सालों से साफ नहीं हुई है। इसके साथ ही बड़ा बाजार में मजदूर वाली गली के सामने बनी प्याऊ भी दुर्दशा का शिकार है। प्याऊ के पास पीने का पानी बिकता है। ऐसे में बाजार में व्यापारियों और ग्राहकों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
वाटर एटीएम अब तक चालू नहीं
महानगर में लोगों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत बनाए गए वाटर एटीएम अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। दो करोड़ रुपये से 10 स्थानों पर वाटर एटीएम गर्मी से पहले लग जाने चाहिए थे, लेकिन अब तक केवल एटीएम का ढांचा बनकर खड़ा हो सका है।
अस्थाई प्याऊ भी नहीं लगे
नगर निगम ने हर साल की तरह से इस बार भी महानगर में 43 स्थानों पर अस्थाई प्याऊ लगवाने के लिए निविदा प्रक्रिया की थी, लेकिन अब तक अस्थाई प्याऊ नहीं लगे हैं। ऐसे में तपती गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
लोग बोले
रेलवे स्टेशन पर प्याऊ से गर्म पानी मिल रहा है। बोतल खरीदनी पड़ी है। पानी के इंतजाम यहां पूरी तरह से फेल हैं।- जितेंद्र कुमार दतिया
स्टेशन पर पानी के लिए लगे वाटर एटीएम बंद पड़े हैं। बोतल खरीदनी पड़ी है। बोतल के पानी की शुद्धता की गारंटी भी नहीं होती।- ममता, झांसी
बाजार में सारे प्याऊ बंद पड़े हैं। अतिक्रमण के शिकार हैं। इनको सही कराने के लिए जल संस्थान कोई कवायद नहीं कर रहा है।- सुभाष चौरसिया, बड़ा बाजार
प्याऊ काम नहीं करते। वाटर एटीएम अब तक नहीं लगा है। 15 लीटर का कैंपर मंगाते हैं, इससे ही पूरा दिन काटते हैं।- बृजेश गुप्ता, मानिक चौक
बस स्टैंड पर पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। प्याऊ की सालों से सफाई नहीं हो सकी है। गर्मी में दिक्कत होती है।- अंसार अहमद, लखनऊ
बस स्टैंड वगैरह पर पानी मिलता नहीं है। इसलिए घर से लेकर चलती हूं। बाहर के पानी की शुद्धता पर कोई भरोसा नहीं है।- रुचि, कानपुर
वर्जन
तकनीकी कारणों से वाटर एटीएम बंद हैं। इसे जल्द शुरू कर दिया जाएगा। प्याऊ की रोज सफाई कराई जाती है। प्याऊ की जांच कराई जाएगी। यात्रियों को दिक्कत नहीं होने देंगे। - मनोज कुमार सिंह, पीआरओ
विज्ञापन

वाटर एटीएम लगाने का काम चल रहा है। अस्थाई प्याऊ लगाने की टेंडर प्रक्रिया भी हो चुकी है। जो भी सार्वजनिक प्याऊ बंद पड़े हैं, उनको भी सही कराया जाएगा।- शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें