झांसी। कंटेनमेंट जोन में रहने वाले नवजात शिशुओं का गृह आधारित देखभाल फालोअप आशा कार्यकर्ताओं द्वारा फोन से किया जाएगा। परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ. मिथलेश चतुर्वेदी ने यह निर्देश सभी सीएमओ को दिए हैं।
पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि फोन के जरिए फॉलोअप में आशा स्वयं कम वनज, समय पूर्व जन्में, न्यू बॉर्न सिक केयर यूनिट से डिस्चार्ज हुए बच्चों या घरेलू प्रसव को प्राथमिकता देते हुए सभी नवजातों के परिवारों को परामर्श देंगी। वह ही शिशु के स्वास्थ्य जैसे सुस्ती, बेहोशी, छूने पर ठंडा या गर्म, स्तनपान आदि के बारे में पूछेंगी। इस दौरान वह मां और परिवार को प्रसव के बाद महिला व शिशु के होने वाले खतरे के लक्षणों के बारे बताएंगी। उनसे पूछेंगी और इस बार का आंकलन करेंगी कि नवजात को रेफर करने की जरूरत तो नहीं है। वह मां को कंगारू मदर केयर के बारे में सलाह देंगी। साथ ही नवजात में किसी तरह के खतरे के लक्षण दिखाई देने पर परिजनों को तुरंत सूचना देने के बारे में बताएंगी।