दतिया। भांडेर के पीरवली मोहल्ला में एक आंगनबाड़ी सहायिका रामकुमारी (55) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। बुधवार की दोपहर उनका दामाद घर पहुंचा तो बाहर दरवाजे पर ताला लगा था। वह छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे तो शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर पुलिस और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
पीरवली मोहल्ला निवासी रामकुमारी का विवाह मोंठ निवासी हरचरण सोनी से हुआ था, लेकिन विवाह के दो साल के बाद ही उनके पति की मौत हो गई। इस कारण पिछले 35 सालों से वह अपने मायके भांडेर में रह रहीं थीं। बुधवार को करैरा व हाल हजीरा ग्वालियर निवासी दामाद रवि सोनी अपने किसी दोस्त की मां के निधन पर भांडेर आए थे। वह दोपहर के समय अपनी सास से मिलने उनके घर गए तो घटना का खुलासा हुआ।